लुधियाना| पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी (पीएयू) के कृषि जैव-प्रौद्योगिकी स्कूल में मॉलिक्यूलर जेनेटिसिस्ट के रूप में कार्यरत डॉ. नीतिका संधू को प्रतिष्ठित प्रोफेसर सुशील कुमार रिसर्च अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान फ्लोरा फाउना साइंस फाउंडेशन की ओर से उन्हें धान (झोने) के क्षेत्र में किए गए उनके उल्लेखनीय जेनेटिक्स और आणविक अनुसंधान के लिए प्रदान किया जा रहा है। आगामी दिनों में लखनऊ स्थित सीएसआईआर-राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान में आयोजित विशेष समारोह के दौरान यह पुरस्कार डॉ. संधू को प्रदान किया जाएगा। गौरतलब है कि डॉ. नीतिका संधू ने धान की प्रजाति सुधार के लिए उन्नत आणविक तकनीकों के विकास सहित सीधे बुवाई योग्य प्रजातियों पर महत्वपूर्ण शोध कार्य किया है, जिससे टिकाऊ कृषि और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को बढ़ावा मिला है।


