भास्कर न्यूज़| लुधियाना पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (पीएयू) के कृषि पत्रकारिता, भाषाएं और संस्कृति विभाग (एजेएलसी) ने अपनी पहली डिजिटल न्यूजलेटर ‘पीएयू मोजेक’ लॉन्च कर एक नई पहल की शुरुआत की। इस न्यूजलेटर का औपचारिक विमोचन पीएयू के कुलपति डॉ. सतबीर सिंह गोसल द्वारा किया गया। उन्होंने इसे पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर (एमजेएमसी) के छात्रों की रचनात्मकता, नवाचार और मेहनत का सराहनीय उदाहरण बताया। लॉन्च समारोह में डॉ. निर्मल जौरा (निदेशक छात्र कल्याण), डॉ. एम.आई.एस. गिल (डीन स्नातकोत्तर अध्ययन) और डॉ. विशाल बेक्टर (सहायक निदेशक संस्थागत संबंध) भी मौजूद रहे। सभी ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह छात्रों के लिए पत्रकारिता की दुनिया में एक नया और प्रेरणादायक कदम है। न्यूजलेटर के संपादक डॉ. शीतल थापर, प्रोफेसर व विभागाध्यक्ष, एजेएलसी और डॉ. हीना गोयल अंग्रेजी संकाय, एजेएलसी ने बताया कि ‘पीएयू मोजेक’ एक लैब पत्रिका की तरह कार्य करेगा। इसमें छात्रों को लेखन, संपादन, रिपोर्टिंग, डिजाइनिंग और फोटोग्राफी जैसी गतिविधियों का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। इसका उद्देश्य छात्रों को पत्रकारिता और जनसंचार की प्रतिस्पर्धी दुनिया में भविष्य के लिए तैयार करना है। ‘पीएयू मोजेक’ का मुख्य उद्देश्य छात्रों को पत्रकारिता और जनसंचार की प्रतिस्पर्धी दुनिया के लिए व्यावहारिक रूप से तैयार करना है। यह मंच उन्हें लेखन, संपादन, फोटोग्राफी और डिजाइनिंग जैसे कौशलों का अनुभव कराता है, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ भविष्य की चुनौतियों का सामना कर सकें। डॉ. शीतल थापर ने कहा कि यह न्यूजलेटर विविधता और एकता का प्रतीक है। जिस प्रकार मोजेक की हर बारीक कड़ी मिलकर उसे खूबसूरत बनाती है, उसी तरह ‘पीएयू मोज़ेक’ छात्रों की प्रतिभाओं, अभिव्यक्तियों और विचारों को एक मंच पर जोड़ता है। डॉ. हीना गोयल ने बताया कि पहले अंक में कई विशेष आकर्षण शामिल किए गए हैं जैसे कुलपति से विशेष बातचीत, जिसमें उन्होंने शिक्षा, शोध, नवाचार और विस्तार गतिविधियों में प्रगति पर अपनी दृष्टि साझा की।


