पीएससी:प्रीलिम्स में 65 % से अधिक नंबर मिलने पर मेंस में जाने की संभावना ज्यादा

राज्य सेवा की प्रारंभिक परीक्षा 9 फरवरी को होगी। इस बार परीक्षा के 1.58 लाख छात्रों ने आवेदन किया है। इस परीक्षा में 65 प्रतिशत से अधिक नंबर प्राप्त करने वाले सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को ही मुख्य लिखित परीक्षा यानी मेंस के लिए अवसर मिल सकता है। पिछली बार सामान्य वर्ग का कट ऑफ 68 प्रतिशत से अधिक था। इससे पहले के वर्षों में भी 60 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले ही मेंस के लिए सिलेक्ट हुए थे। इसे लेकर एक्सपर्ट का कहना है कि अन्य वर्षों की तुलना में पिछली बार कट ऑफ अधिक था। लेकिन यह जरूर है कि प्रारंभिक परीक्षा में सामान्य वर्ग के जिन अभ्यर्थियों ने 65 प्रतिशत से अधिक का स्कोर कर लिया उनकी संभावना मेंस के लिए बढ़ जाएगी। पिछली बार प्रीलिम्स में 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर एससी कैटेगरी के उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए सिलेक्ट किया गया था। इसी तरह एसटी वर्ग का कट ऑफ 106 अंक से अधिक था। यानी 53 प्रतिशत अंक के आधार पर इनका चयन मेंस के लिए हुआ था। ओबीसी वर्ग के लिए कट ऑफ 132 नंबर यानी 66 प्रतिशत से अधिक था। गौरतलब है कि राज्य सेवा परीक्षा 2024 में भी कड़ी प्रतिस्पर्धा है। 246 पदों पर यह भर्ती होगी। इसके लिए 1.58 लाख आवेदन मिले हैं। इस तरह से एक पद के लिए 642 दावेदार हैं। इस परीक्षा के लिए पीएससी से एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। इस बार प्रदेश के 33 जिलों में यह परीक्षा होगी। पिछली बार 28 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सामान्य अध्ययन के अंक से तय होगा मेंस का रास्ता राज्य सेवा की प्रारंभिक परीक्षा में दो पार्ट हैं। पेपर-1 सामान्य अध्ययन और पेपर-2 योग्यता परीक्षा यानी सी-सेट। सामान्य अध्ययन का पेपर 200 अंकों का होता है। इसमें 100 प्रश्न पूछे जाते हैं। पेपर 2- योग्यता परीक्षा भी 200 अंक का है। इसमें भी 100 प्रश्न पूछे जाते हैं। लेकिन इसमें सिर्फ क्वालिफाई करना जरूरी है। इसमें क्वालिफाई करने के लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 33 प्रतिशत और आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को 23 प्रतिशत अंक प्राप्त करना जरूरी है। प्रश्नपत्र-1 सामान्य अध्ययन में परीक्षार्थियों को मिले अंकों के आधार पर मेरिट का निर्धारण होता है। इससे ही मेंस के लिए चयन होता है। इस बार 3690 परीक्षार्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। दरअसल, राज्य सेवा परीक्षा इस बार 246 पद के लिए हो रही है। विज्ञापित पदों से 15 गुना परीक्षार्थियों का चयन मेंस के लिए किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *