टोल फ्री नंबर पर दर्ज करा सकते हैं राशन कार्ड से जुड़ी शिकायतें, 15 दिनाें में हो रहा निदान
राज्य में राशन वितरण व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा पब्लिक ग्रीवांस मैनेजमेंट सिस्टम लागू किया गया है। इसके तहत राज्यभर में आने वाली शिकायतों के निपटारा हो रहा है। नवंबर माह में राज्यभर से आई 92.29 प्रतिशत शिकायतों का समाधान किया गया है। वहीं, रांची जिले की बात करें ताे एक माह में कुल 765 शिकायतें दर्ज कराई गईं। इनमें से 754 का समाधान कर लिया गया। मतलब जिले में शिकायतों के निपटारे की सफलता दर 98.5% दर्ज की गई है। राज्य में राशन की चोरी, डीलर द्वारा राशन नहीं मिलने या कम मिलने और नए सदस्यों को राशन नहीं दिए जाने से संबंधित शिकायतों का समाधान किया गया। ऐसे फोन पर दर्ज करा सकते हैं शिकायत
टॉल फ्री नंबर 1967 या 18002125512 या मोबाइल नंबर 8969583111 पर फोन करना है। इसके बाद आपको अपना राशन कार्ड नंबर, जिला, पंचायत का नाम, कितने लाभुक हैं, राशन डीलर का नाम और क्या समस्या हाे रही है, इसकी जानकारी देनी हाेगी। अपने पहले शिकायत की है या नहीं, अगर की है ताे उस पर क्या कार्रवाई हुई, इसकी भी जानकारी देनी हाेगी। नया नाम जोड़ने-हटाने के लिए भी दे सकते हैं जानकारी केस- 1 नए सदस्य का नाम जुड़ा पर डीलर ने खाद्यान्न नहीं मिलता था, अब मिल रहा… गुलाम मुस्तफा हजारीबाग में रहते हैं। उनके राशन कार्ड पर दाे नए सदस्यों का नाम जुड़ा है। पर खाद्यान्न नहीं मिल रहा था। उन्होंने पीजीएमएस पोर्टल पर फोन करके अपनी समस्या दर्ज कराई। पांच दिन में समस्या का समाधान हुआ, अब उन्हें राशन मिल रहा है। केस-2 सूचना देने के तीन दिन के बाद 3 दिन में कार्ड में जुड़ गया बेटी का नाम…रांची की रेशमी देवी अपनी बेटी का नाम जुड़वाने के लिए परेशान थी। डीलर से लेकर डीएसओ कार्यालय के चक्कर लगा रही थी। उन्हें किसी ने बताया कि टॉल फ्री नंबर पर शिकायत करें। उन्होंने पीजीएमएस काे फोन कर शिकायत दर्ज कराई। तीन दिन में ही बेटी का नाम जुड़ गया।


