शिक्षा विभाग ने फर्जी डिग्री को लेकर 134 पीटीआई को बर्खास्त किया है। यह सभी पीटीआई पुराने 38 जिलों के हैं। सबसे अधिक बाड़मेर और धौलपुर में 11-11 शारीरिक शिक्षकों को बर्खास्त किया गया है। जयपुर शहर में मात्र एक पीटीआई की नियुक्ति निरस्त है। दैनिक भास्कर ने जब बर्खास्त पीटीआई के बारे में जानकारी प्राप्त की, तो इसमें चौंकाने वाली जानकारी मिली। बर्खास्त 134 पीटीआई के पास देशभर के 18 यूनिवर्सिटी की फर्जी डिग्री थी। इनमें से 100 पीटीआई के पास तो केवल 3 यूनिवर्सिटी जेएस यूनिवर्सिटी फिरोजाबाद, ओपीजेएस और श्री सत्य साई यूनिवर्सिटी की डिग्री थी। शेष 34 के पास 15 विश्वविद्यालयों की डिग्री थी। जांच में पीटीआई भर्ती-2022 में नियुक्ति हुए इन अभ्यर्थियों के डेटा मिस मैस पाए गए। इन्होंने आवेदन के समय जो जानकारी दी थी, दस्तावेज सत्यापन के समय ना केवल यूनिवर्सिटी का नाम बदल दिया, बल्की रोल नंबर और पास करने का वर्ष तक बदल दिया था। बर्खास्त पीटीआई में से 2 के पास तो राजस्थान विश्वविद्यालय की भी फर्जी डिग्री थी। विभाग ने जब इन पीटीआई को नोटिस जारी कर जवाब मांगा तो इनमें से करीब 100 पीटीआई का तो एक ही जवाब था कि ई-मित्र और मानवीय गलती के कारण अंकतालिका का विवरण गलत दर्ज हो गया। विभाग ने इस जवाब को संतोषप्रद नहीं माना। विभाग ने कहा कि इस जवाब से प्रतीत होता है कि डिग्री बैकडेट में फर्जी तरीके से प्राप्त की गई है। शिक्षामंत्री मदन दिलावर का कहना है कि अभी और भी कई डिग्रियों की जांच की जा रही है। फर्जीवाड़ा सामने आते ही उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 8 राज्यों की यूनिवर्सिटीज के नाम से बनावा ली फर्जी डिग्री जेएस यूनिवर्सिटी फिरोजाबाद यूपी 73
ओपीजेएस यूनिवर्सिटी चूरू राजस्थान 14
श्री सत्य साई यूनिवर्सिटी सीहोर एमपी 13
राजस्थान विश्वविद्यालय जयपुर राजस्थान 2
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी झांसी यूपी 3
इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी रेवाड़ी हरियाणा 1
एमएटीएस यूनिवर्सिटी रायपुर छत्तीसगढ़ 4
रवींद्रनाथ टैगोर यूनिवर्सिटी भोपाल एमपी 4
प्रो. राजेंद्र सिंह यूनिवर्सिटी प्रयागराज यूपी 1
साई नाथ यूनिवर्सिटी रांची झारखंड 8
संत गडगे बाबा अमरावती विवि अमरावती महाराष्ट्र 2
स्वामी विवेकानंद यूनिवर्सिटी सागर एमपी 3
बरकतुल्लाह यूनिवर्सिटी भोपाल एमपी 1
कलिंगा यूनिवर्सिटी रायपुर छत्तीसगढ़ 1
भारती विद्या पीठ पुणे महाराष्ट्र 1
इंडियन नेवी पुणे महाराष्ट्र 1
टांटिया यूनिवर्सिटी गंगानगर राजस्थान 1
पंजाब यूनिवर्सिटी पटियाला पंजाब 1
(शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार)


