भास्कर न्यूज | जांजगीर ज्ञानोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजगीर में रविवार को पालक-शिक्षक सम्मेलन आयोजित किया गया। पालकों के स्वागत के लिए छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर में आकर्षक रंगोलियां बनाईं, जिससे वातावरण उत्साहपूर्ण रहा। बैठक में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के पालक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सम्मेलन का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति से पालकों को अवगत कराना और विद्यालय-पालक समन्वय को मजबूत करना था। बैठक में बच्चों की पढ़ाई, अनुशासन, नियमितता और व्यवहार पर चर्चा हुई। शिक्षकों ने सर्वांगीण विकास और भविष्य की योजना पर उपयोगी सुझाव दिए। सभी शिक्षकों ने पालकों से सीधे संवाद कर विद्यार्थियों की स्थिति स्पष्ट की और उनके प्रश्नों का समाधान किया। कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुरेश यादव के नेतृत्व में संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि पालक-शिक्षक सहभागिता बच्चों की सफलता की कुंजी है। अंत में विद्यालय की ओर से पालकों को उपहार और शुद्ध पेयजल प्रदान कर सम्मानित किया गया। पालकों ने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।


