बाड़मेर | जिला परिषद सभागार में सोमवार को सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) संभाग-द्वितीय जोधपुर की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कार्यवाहक अतिरिक्त मुख्य अभियंता सूराराम ने की। बैठक में संभाग के अंतर्गत आने वाले सभी अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, सहायक एवं कनिष्ठ अभियंता, लेखाकार तथा मंत्रालयिक कर्मचारियों ने भाग लिया। बैठक में बजट घोषणाओं की प्रगति, संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरण, न्यायालयीन मामले, लंबित टाइम एक्सटेंशन केस तथा कार्यों की धीमी प्रगति जैसे बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई। कार्यवाहक अतिरिक्त मुख्य अभियंता सूराराम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वित्तीय वर्ष 2024-25 तक स्वीकृत सभी कार्यों को मार्च 2026 तक हर हाल में पूर्ण किया जाए।


