पीथमपुर के चीरा खान गांव में बुआ से मिलने आए युवक के साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट का मामला सामने आया है। युवक को बेरहमी से पीटने के बाद उसके पैर पर गाड़ी चढ़ाई गई और फिर फैक्टरी के एसिड टैंक में फेंक दिया गया। वह 98 प्रतिशत झुलसा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस बयान लेने पहुंची, लेकिन जीभ जलने के कारण वह स्पष्ट रूप से कुछ नहीं बता सका। पीथमपुर सेक्टर-1 टीआई ओपी अहिर के अनुसार घायल ऋषि दुबे (23), निवासी महादेव नगर, राजेंद्र नगर, 22 दिसंबर को इंदौर से बुआ के घर आया था। भाई सौरभ दुबे से विवाद के बाद वह नशे में वहां से निकल गया। 23 दिसंबर की सुबह वह राज-रतन फैक्टरी में घायल अवस्था में मिला। परिजन का आरोप है कि पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच नहीं की।


