पीलीबंगा से चोरी हुआ ट्रैक्टर पंजाब से बरामद:सीसीटीवी में कैद हुई थी स्वराज एजेंसी में हुई वारदात, आरोपी फरार

हनुमानगढ़ की पीलीबंगा में स्वराज ट्रैक्टर एजेंसी से चोरी किए गए ट्रैक्टर की बरामदगी पुलिस ने पंजाब से कर ली है। पुलिस अधीक्षक हरी शंकर के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की। ट्रैक्टर चोरी की वारदात 1 अक्टूबर की रात को हुई थी। रातों-रात हुआ था ट्रैक्टर चोरी, मुकदमा दर्ज
1 अक्टूबर 2025 को बलविंद्र सिंह पुत्र मुकंद सिंह जटसिख निवासी अहमदपुरा ने थाना पीलीबंगा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सूरतगढ़-हनुमानगढ़ रोड स्थित उनकी स्वराज ट्रैक्टर एजेंसी का ताला तोड़कर दो अज्ञात चोर नया ट्रैक्टर स्वराज 855 चोरी कर ले गए। इस पर पुलिस ने मुकदमा नंबर 563/2025 धारा 331(4) और 305(ए) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी ने दिए थे त्वरित कार्रवाई के निर्देश
जिले में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने तथा इस मामले के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने निर्देश जारी किए। उनके आदेश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नोहर) गीता चौधरी और वृत्ताधिकारी (रावतसर) हंसराज बैरवा की देखरेख में थाना पीलीबंगा प्रभारी कैलाशचंद्र के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गईं। टीमों ने जुटाई सूचना, ट्रैक्टर बरामद
गठित टीमों ने समन्वय, फील्ड इंटेलिजेंस तथा तकनीकी सूचना का उपयोग करते हुए सक्रिय प्रयास किए। इसी क्रम में चोरीशुदा स्वराज 855 ट्रैक्टर को पंजाब क्षेत्र से बरामद कर लिया गया। फिलहाल चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। ट्रेक्टर बरामद करने वाली पुलिस टीम में पीलीबंगा थानाधिकारी कैलाशचंद्र, एचसी संजय कुमार, कॉन्स्टेबल अमनदीप सिंह शामिल रहे। ट्रैक्टर बरामदगी में विशेष भूमिका कॉन्स्टेबल अमनदीप सिंह की रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *