भास्कर न्यूज | जांजगीर गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल, जांजगीर में बसंत पंचमी का पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। यह दिन विद्या की देवी मां सरस्वती के प्राकट्य दिवस के रूप में अत्यंत शुभ माना जाता है। समारोह का आयोजन वैदिक परंपरा एवं धार्मिक अनुष्ठानों के अनुसार किया गया। मार्श शिक्षण समिति के सचिव दीपक राठौर, कोषाध्यक्ष विजय कुमार अग्रवाल, चंचल अग्रवाल और डॉ. देव वशिष्ठ ने विधिपूर्वक पूजा अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वसंत ऋतु में पीले रंग का विशेष महत्व होता है, इसलिए सभी ने पीले वस्त्र धारण किए। इस दिन बच्चों की शिक्षा आरंभ करना और अक्षर ज्ञान लेना अत्यंत शुभ माना जाता है। समारोह में मां सरस्वती के रूप में अलंकृत कन्याओं—निष्ठा अग्रवाल, तृषिता जिंदल, लक्ष्मी अग्रवाल, शानवी अग्रवाल (कक्षा चौथी), आकृति शुक्ला (कक्षा पांचवी), अनुप्रिया सिंह (कक्षा तीसरी) को तिलक एवं माल्यार्पण कर पूजा की शुरुआत की गई। दीपक राठौर ने इस अवसर पर कहा, “मैं आप सबको देखता हूं, तो मुझे देश का भविष्य नजर आता है। वसंत नई कोपलों और नए जीवन का प्रतीक है। विद्यालय परिसर में रंग-बिरंगे सजावट और फूलों से वातावरण मनमोहक और आकर्षक बना रहा।


