पीसीएस के फर्जी साइन कर 40 लाख की बैंक गारंटी रिलीज कराने की कोशिश

लुधियाना| पीसीएस अधिकारी के फर्जी हस्ताक्षर कर 40 लाख रुपए की बैंक गारंटी धोखाधड़ी से रिलीज कराने की कोशिश का मामला सामने आया है। जांच के बाद थाना डिवीजन नंबर छह की पुलिस ने निर्माण कंपनी के एक अधिकारी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। मामले की शिकायत उसारी मंडल शाखा रूपनगर में तैनात पीसीएस अधिकारी और कार्यकारी इंजीनियर सुगंध सिंह भुल्लर ने दर्ज करवाई है। थाना डिवीजन नंबर छह के एएसआई हरभजन सिंह ने बताया पीरू बंदा, सलेम टाबरी निवासी राजदीप कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारी कैप्टन राजेश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीसीएस अधिकारी सुगंध सिंह भुल्लर ने पुलिस को बताया कि उनके कार्यालय के अधीन रोपड़–चमकौर साहिब–नीलो दोराहा सड़क पर टोल कलेक्शन का कार्य राजदीप कंस्ट्रक्शन कंपनी को अलॉट किया गया था। एग्रीमेंट की शर्तों के अनुसार संबंधित एजेंसी की ओर से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मिलरगंज शाखा, लुधियाना में 40 लाख रुपये की बैंक गारंटी जमा करवाई गई थी। जांच में सामने आया कि 29 दिसंबर 2021 को राजदीप कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से कार्यकारी इंजीनियर के फर्जी हस्ताक्षर कर बैंक गारंटी को धोखाधड़ी से रिलीज कराने का प्रयास किया गया। बैंक स्तर पर संदेह होने के बाद मामले की जानकारी संबंधित विभाग को दी गई, जिसके बाद जांच शुरू की गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *