पुजारी ही निकला मंदिर में चोरी का आरोपी, मूर्ति-जेवर बरामद

भास्कर न्यूज| मोठपुर क्षेत्र के पटना गांव में स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में हुई चोरी की वारदात का गुरुवार को पुलिस ने खुलासा किया है। मंदिर से भगवान की चांदी की मूर्ति व कीमती जेवरात चोरी करने के मामले में पुजारी को गिरफ्तार किया है। उससे चांदी की मूर्ति व जेवरात बरामद किए हैं। थानाधिकारी देवकरण चौधरी ने बताया कि 19 नवंबर को पटना के ग्रामीणों ने मंदिर में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में भगवान श्रीकृष्ण की चांदी की मूर्ति, सोने की चैन, माताजी के मंगलसूत्र का लॉकेट, चांदी की सीढ़ियां सहित अन्य चांदी की वस्तुएं चोरी होने की जानकारी दी थी। एसपी अभिषेक अंदासु के निर्देशन, एएसपी राजेश चौधरी व डीएसपी रामानंद यादव के सुपरविजन में थाना स्तर पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने तकनीकी सहायता, मुखबिर तंत्र एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। जांच के दौरान संदेह की सुई मंदिर के पुजारी पर टिक गई। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने मामले में मुख्य अभियुक्त सवाईमाधोपुर जिले के बामनवास के लीवाली निवासी मदनमोहन पुत्र घनश्याम गौतम को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर मंदिर से चोरी गया चांदी का सामान एवं अन्य जेवरात भी बरामद कर लिए हैं। पुजारी द्वारा ही मंदिर में चोरी किए जाने की घटना से क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। ग्रामीणों ने भी चोरी को लेकर विरोध जताया था। साथ ही जल्द मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की थी। आरोपी को पकड़ने वाली टीम में सहायक उपनिरीक्षक हरिशंकर, कुलदीप, सुरेंद्र सिंह शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *