पुणे की दो सेवानिवृत्त महिलाएं साइकिल से नर्मदा परिक्रमा पर:खरगोन में सेवा से अभिभूत, बोलीं- मां जैसा सम्मान मिला

महाराष्ट्र के पुणे की दो सेवानिवृत्त महिलाएं साइकिल से नर्मदा परिक्रमा कर रही हैं। ओंकारेश्वर से अपनी यात्रा शुरू करने के बाद वे मंगलवार को खरगोन पहुंची हैं। दोनों महिलाओं ने परिक्रमा के दौरान मिली सेवा और सम्मान पर खुशी व्यक्त की है। उनका कहना है कि नर्मदा मैया की परिक्रमा करते हुए उन्हें स्वयं मां जैसा सम्मान मिल रहा है। 66 वर्षीय सेवानिवृत्त बैंककर्मी हेमलता राव और उनकी 62 वर्षीय बचपन की सहेली, जो सेवानिवृत्त स्वास्थ्यकर्मी हैं, जयश्री जाधव कड़ाके की सर्दी में “नर्मदे हर” का जयघोष करते हुए कसरावद पहुंचीं। कसरावद में उनका भव्य स्वागत किया गया। स्थानीय व्यापारी अनिल जैन ने बताया कि इन बुजुर्ग महिलाओं की नर्मदा परिक्रमा यात्रा समाज के लिए प्रेरणा का संदेश दे रही है। दोनों महिलाओं ने बताया कि वे इस यात्रा का भरपूर आनंद ले रही हैं। उन्होंने पिछले तीन साल से इस परिक्रमा की योजना बनाई थी और अब उन्हें यह अवसर मिला है। उनका उद्देश्य जीवनभर की व्यस्तता के बाद सुकून भरी यात्रा करके अन्य महिलाओं को भी साइकिलिंग के लिए प्रेरित करना है। जयश्री जाधव ने बताया कि वे पहले भी देश के कई प्रसिद्ध मंदिरों की साइकिल यात्रा कर चुकी हैं। वर्तमान परिक्रमा में ओंकारेश्वर के बाद उन्होंने बाजीराव पेशवा समाधिस्थल पर दर्शन किए और लेपा स्थित भारती दीदी के आश्रम में रात्रि विश्राम किया। उनकी यात्रा कसरावद से नावडाटौडी होते हुए आगे बढ़ी है। वे प्रतिदिन लगभग 60 किलोमीटर की दूरी तय करती हैं। आगे वे बड़वानी होते हुए गुजरात की ओर बढ़ेंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *