रांची |मसीही समुदाय के लोग खजूर रविवार के साथ चालीसाकाल के पुण्य सप्ताह में प्रवेश कर गए हैं। इस पवित्र सप्ताह के तहत विश्वासी पुण्य बृहस्पतिवार, गुडफ्राइडे, पुण्य शनिवार और गुड फ्राइडे की आराधना में हिस्सा लेंगे। कैथोलिक विश्वासी 17 अप्रैल को पुण्य बृहस्पतिवार की आराधना में शामिल होंगे। सुबह छह बजे संत मरिया महागिरजाघर में प्रातः वंदना और पाप स्वीकार की आराधना होगी। शाम छह बजे से लोयला मैदान में धर्मविधि और पवित्र मिस्सा होगी। इस दौरान आर्चबिशप 12 विश्वासियों के पैर धोएंगे। रात 8.30 से 12 बजे तक संत मरिया महागिरजाघर में पवित्र साक्रामेंत की आराधना होगी। जीइएल चर्च के विश्वासी 17 अप्रैल को प्रभुभोज स्थापन पर्व मनाएंगे। मेन रोड स्थित क्राइस्ट चर्च में शाम 4 बजे पहली और शाम 6 बजे दूसरी आराधना होगी। इधर, रांची कैथोलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आइंद ने बुधवार को रातू रोड स्थित आकाशवाणी रेडियो मुख्यालय के स्टूडियो में गुड फ्राइडे का संदेश रिकॉर्ड किया। इस दौरान उन्होंने पवित्र सप्ताह के महत्व को बताया।


