चास मुफ्फसिल थाना प्रभारी प्रकाश मंडल के साथ रविवार की शाम स्थानीय लोगों ने हाथापाई की और पथराव भी किया गया। वह पुपुनकी आश्रम जा रहे बंगाल के लोगों को रोककर अभद्र व्यवहार करने की शिकायत पर मौके पर पहुंचे थे। पत्थर लगने से एक जवान मामूली रूप से जख्मी हुआ है। इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। सूचना मिलने पर चास एसडीपीओ प्रवीण सिंह के अलावा आसपास की कई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मोर्चा संभाला। एसडीपीओ ने बताया कि पुपुनकी केवट टोला के पास कुछ ग्रामीण शराब के नशे में वाहनों को रोककर लोगों से अभद्र व्यवहार कर रहे थे। सूचना पर थाना प्रभारी पहुंचे। उन्होंने समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे उग्र हो गए और थाना प्रभारी के साथ हाथापाई व पथराव किया। फिलहाल मजिस्ट्रेट की निगरानी में फोर्स की तैनाती की गई है, ताकि आगे किसी प्रकार की घटना ना हो।


