भास्कर न्यूज | जालंधर आर्ट ऑफ लिविंग और गुरुप्रीत फाउंडेशन की तरफ से साईं दास स्कूल की ग्राउंड में पुरातन सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने जनसैलाब उमड़ पड़ा। पटेल चौक स्थित साईं दास स्कूल की ग्राउंड में बने भव्य पंडाल में सुबह से रात तक ‘हर-हर महादेव” के जयघोष गूंजते रहे। धार्मिक उत्सव में सुबह आठ से दोपहर एक बजे तक और शाम को चार से आठ बजे तक लोगों ने सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए। सुबह आठ बजे ज्योतिर्लिंग शंखनाद करते हुए भव्य पंडाल में लाए गए। यहां स्वामी विद्यानंद ने पूजन किया। बताया जाता है कि ये वही ज्योतिर्लिंग हैं, जिन्हें 1026 में महमूद गजनी ने तोड़ दिया था। गुरु पूजा के साथ सुबह कार्यक्रम की शुरुआत हुई। आर्ट ऑफ लिविंग के बेंगलुरु सेंटर से आए पंडितों ने रुद्र पूजन किया। रुद्राभिषेक और शृंगार किया गया। दो घंटे चली पूजा के बाद लोगों ने ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए। दोपहर एक बजे विराम दिया गया। इस दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे संतों ने शिव महिमा का महत्व बताया। महामंडलेश्वर, महंत बंसी दास, बाबा राज किशोर, महंत पवन दास, महंत हरिराम दास जी, जटाशंकर दास अयोध्या से, योगेश्वर दास जीत, महामंडलेश्वर स्वामी शांता नंद, ऋषिराज जी, पंडित सूरज भान, महंत मुरली दास, महंत तुलसी दास, केशव दास, महंत मुरारीमल्य व्यास कपाटे, विहिप से योगेश धीर, संजीव कुमार, एसएसएस पंजाब और हिंद क्रांति दल से मनोज नन्हा ने संबोधित किया। इस मौके सर्वहितकारी स्कूल, डीएवी यूनिवर्सिटी, डीएवी और दोआबा कॉलेज के बच्चे भी दर्शन के लिए पहुंचे। शाम 4 बजे दोबारा दर्शन शुरू किए गए। रात 8 बजे तक भक्तों की लाइनें लगी रहीं। शाम छह बजे भी गुरु पूजा के बाद रुद्राभिषेक हुआ और फूलों की होली खेली गई। इस मौके अंशू, सीमा मेहता, रवीश गोयल, देवांश भास्कर, पुल्कित और चीना धीर ने सत्संग किया। यहां कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत, विधायक परगट सिंह, विधायक बावा हैनरी, मेयर विनीत धीर, नितिन कोहली, राजविंदर कौर थियाड़ा, काकू आहलूवालिया, दिनेश ढल्ल, अश्विनी अग्रवाल, बंटू सभ्रवाल, विकास मनन और हरीश कुमार मौजूद थे।


