धौलपुर में पुरानी रंजिश को लेकर बदमाशों ने युवक पर फायरिंग कर दी। युवक के चेहरे के पास गोली लगी है। परिजनों ने युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। गोली चेहरे के पास फंसी होने के बाद डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद जयपुर रेफर कर दिया है। मामला राजाखेड़ा उपखंड के सांवलिया पुरा गांव का है। घायल युवक के भाई प्रवीन कुमार ने बताया कि उसका छोटा भाई पवन (18) पुत्र शिवराम मंगलवार शाम मछरिया से सब्जी लेने गया था, जहां से लौटते समय रास्ते में 6 लोगों ने उसके साथ मारपीट की। बदमाशों ने युवक पर फायरिंग कर दी। राजाखेड़ा थानाधिकारी वीर सिंह ने बताया कि मंगलवार रात को पुरानी रंजिश को लेकर 6 बदमाशों ने युवक से मारपीट कर फायरिंग की। युवक के चेहरे के पास गोली लगने की वजह से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। युवक को जयपुर रेफर कर दिया गया है। थानाधिकारी वीर सिंह ने बताया कि घटना को लेकर मौके पर पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। एफएसएल टीम ने भी मौका मुआयना किया है। घटना के कारणों को लेकर जानकारी ली जा रही है।


