पुरानी रंजिश में स्कूल के बाहर छात्रों पर चाकूबाजी:12वीं के दो छात्र घायल,विदाई समारोह का चल रहा था स्कूल में कार्यक्रम

कोटा ग्रामीण के चेचट थाना क्षेत्र में एक बदमाश युवक ने स्कूल के बाहर खड़े दो स्कूली छात्रों के साथ मारपीट करते हुए चाकू से हमला कर दिया। दोनों छात्र 12वीं कक्षा के हैं और आज उनके स्कूल में विदाई समारोह का आयोजन चल रहा था। कार्यक्रम के दौरान दोनों छात्र कुछ देर के लिए स्कूल गेट के बाहर खड़े थे, तभी एक बाहरी युवक वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश के चलते हमला कर दिया। घटना में एक छात्र के सिर और नाक में चोट आई है, जबकि दूसरे छात्र के सीने पर चाकू से वार किया गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अन्य छात्रों और स्कूल स्टाफ की मदद से दोनों घायलों को तुरंत चेचट अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायल छात्र बबलू अहीर ने बताया कि आरोपी युवक पहले उसके दोस्त का मोबाइल चेक करने लगा। मोबाइल देने से इनकार करने पर उसने उसके दोस्त के सीने पर चाकू से वार कर दिया। बीच-बचाव करने पर आरोपी ने हाथ में पहने कड़े से उसके नाक और सिर पर जोरदार हमला किया और मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर चेचट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल में दोनों छात्रों के बयान दर्ज कर शिकायत दर्ज की गई। चेचट थाना एसएचओ सुरेंद्र गोदारा ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते यह विवाद हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी युवक को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *