पुराने फोन-लैपटॉप ई-बिन में डालें, पर्यावरण रहेगा सुरक्षित

भास्कर न्यूज |लुधियाना लुधियाना शहर ने इलेक्ट्रॉनिक कचरे (ई-वेस्ट) के सुरक्षित और जिम्मेदार निपटान की दिशा में एक अहम पहल की है। रोज गार्डन की पार्किंग में शहर का पहला ई-बिन लगाया गया, जिसका औपचारिक उद्घाटन मेयर इंदरजीत कौर ने किया। इस मौके पर नगर निगम कमिश्नर आदित्य डेचलवाल भी विशेष रूप से मौजूद रहे। ई-बिन पहल का नेतृत्व फिलैंथ्रॉपी क्लब द्वारा किया गया है, जो अरविंदर पड्डा के मार्गदर्शन में काम कर रहा है। इस अभियान को सफल बनाने में लखमिंदर, विम्मी बजाज, अनु गुप्ता, जैज़ भोगल, मेहक बंसल और प्रीति कपूर का सक्रिय सहयोग रहा। क्लब सदस्यों का उद्देश्य ई-वेस्ट के सुरक्षित निपटान और रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देना है, ताकि पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य को होने वाले नुकसान से बचा जा सके। डिजिटल युग में मोबाइल फोन, लैपटॉप, चार्जर, बैटरी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। खराब होने के बाद यदि इनका सही तरीके से निपटान न किया जाए, तो यह पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए ई-बिन की शुरुआत की गई है, ताकि लोग अपने पुराने और बेकार इलेक्ट्रॉनिक सामान को सुरक्षित रूप से जमा कर सकें। रोज गार्डन में सफल शुरुआत के बाद जनवरी के अंत तक शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी ई-बिन लगाए जाने की योजना है। ई-बिन में एकत्र किया गया सारा इलेक्ट्रॉनिक कचरा प्रत्येक पखवाड़े रीसाइक्लिंग विला द्वारा एकत्र कर वैज्ञानिक और जिम्मेदार तरीके से रीसाइक्लिंग के लिए भेजा जाएगा। यह पहल लुधियाना को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण के प्रति जागरूक शहर बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम मानी जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *