डूंगरपुर के चौरासी थाना क्षेत्र में गोरादा तालाब के पास बाइक बेकाबू होकर पुलिया से नीचे गिर गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई और 2 युवक घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चौरासी थाने के थानाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि बाइक पर सवार तीन युवक गोरादा तालाब के पास से गुजर रहे थे, तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गई। इस हादसे में गोरादा गांव निवासी जीवराम पुत्र आमलिया की मौत हो गई, जबकि उनके दो साथी जितेंद्र और एक अन्य युवक गंभीर घायल हो गए। थानाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचित किया। ईएमटी ईश्वर और पायलट लोकेश यादव मौके पर पहुंचे और घायलों को पहले गैंजी सीएचसी ले गए। प्राथमिक इलाज के बाद तीनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में जांच के दौरान जीवराम को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य दोनों घायल युवकों का इलाज जारी है। चौरासी थाना पुलिस ने मृतक के शव को मॉर्चुरी में रखवा दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।


