गोड्डा में दो पुलिसकर्मियों ने मोजे की खरीदारी के दौरान दुकानदार से मारपीट कर दी। यह घटना नगर थाना क्षेत्र की गोड्डा मार्केट की है, जिसका सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसके बाद एसपी अनिमेष नैथानी ने दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। दुकान के कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और मारपीट की रविवार को नगर थाना के सहायक अवर निरीक्षक अशोक यादव और आरक्षी प्रभास सिंह एक कपड़े की दुकान पर मोजा खरीदने पहुंचे। दुकान में मौजूद मोजों का डिजाइन उन्हें पसंद नहीं आया। इस बात को लेकर वे दुकानदार और उसके स्टाफ से भिड़ गए। दोनों पुलिसकर्मियों ने दुकान के कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और मारपीट की। इतना ही नहीं, दोनों पुलिसकर्मी एक युवक को पकड़कर नगर थाने ले गए और उसे हाजत में बंद कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही एसपी अनिमेष नैथानी ने कार्रवाई की। उन्होंने दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित कर दिया। इस मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।


