पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करें, नहीं तो बाजार बंद करेंगे:विदिशा में कपड़ा व्यापारी से मारपीट का मामला गरमाया; रैली निकाली, विरोध जताया

विदिशा के शमशाबाद में एक कपड़ा व्यापारी के साथ मारपीट का मामला गरमा गया है। थाना परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश है। मंगलवार को व्यापार महासंघ के सैकड़ों व्यापारियों ने रैली निकालकर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। व्यापारियों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। व्यापार महासंघ ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो शमशाबाद का पूरा बाजार बंद कर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। व्यापारी ने कहा-भाने में मारपीट की गई पीड़ित व्यापारी बलराम साहू ने आरोप लगाया कि 20 दिसंबर को पुलिसकर्मियों ने उन्हें एक मामले में पूछताछ के बहाने थाने बुलाया था। वहां बंद कमरे में उनके साथ मारपीट की गई और उनके पास रखे नकदी रुपए भी छीन लिए गए। व्यापारी का कहना है कि थाना परिसर का वीडियो सामने आने के बाद ही व्यापारियों ने खुलकर विरोध शुरू किया। बताया गया है कि लगभग पांच महीने पहले बलराम साहू ने अपने परिचित शिवलाल अहिरवार को 60 हजार रुपए ब्याज पर दिए थे, जिसके बदले में एक पिकअप वाहन गिरवी रखा गया था। आरोप है कि दो महीने बाद ही शिवलाल ने उसी पिकअप की चोरी की रिपोर्ट थाने में दर्ज करा दी, जिसके बाद पुलिस ने वाहन को थाने में खड़ा करवा लिया। आत्मघाती कदम उठाने की चेतावनी परिजनों के अनुसार, वाहन तीन महीने तक थाने में खड़ा रहा। बाद में थाना प्रभारी ने बलराम साहू को पैसे लौटाने के नाम पर थाने बुलाया, जहां उनसे तीन महीने का पिकअप किराया 45 हजार रुपए मांगा गया। रकम देने से इनकार करने पर उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। मारपीट के बाद पुलिस ने बलराम साहू के खिलाफ ही मामला दर्ज कर लिया, जिसके बाद परिजनों को एसडीएम कार्यालय से जमानत करानी पड़ी। व्यापारी ने न्याय न मिलने पर आत्मघाती कदम उठाने की चेतावनी दी है। इधर, एसडीएम अजय पटेल और एसडीओपी अमरेश बोहरे ने व्यापारियों को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। व्यापार महासंघ ने शाम को बड़ी बैठक बुलाकर आगे की रणनीति तय करने की बात कही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *