खाजूवाला के चक 7 पीएचएम के बस स्टैंड के पास 23 नवंबर को सड़क किनारे मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने उसे दफना दिया लेकिन अब उसकी पहचान एक पुलिसकर्मी के रूप में ही हुई है। मृतक श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ पुलिस थाना में कार्यरत अमरजीत चौहान था। वो पहले श्रीगंगानगर में ट्रेफिक पुलिस का हिस्सा भी रह चुका है। दरअसल, खाजूवाला थाना के निकटवर्ती चक 7 पीएचएम के पास सड़क किनारे 23 नवंबर रविवार को देर रात एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। जिसकी अब तेरह दिन बाद शिनाख्त हो सकी है। कार्यवाहक थानाधिकारी हरपाल सिंह ने बताया कि 23 नवंबर रविवार को राहगीरों ने सूचना दी खाजूवाला से 7 किमी. दूर खाजूवाला-रावला सड़क मार्ग पर चक 7 पीएचएम बस स्टैंड के पास सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव उल्टे मुंह अचेतावस्था में पड़ा हुआ मिला, जिसकी जेब में फोन व कोई कागजात नहीं होने से अज्ञात शव की कोई पहचान हो पाई थी। इसलिए अज्ञात शव को खाजूवाला पुलिस ने सरकारी उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में शिनाख्त के लिए रखवाया। लेकिन छः दिनों तक अज्ञात शव की कोई शिनाख्त नहीं हो सकी और समय ज्यादा होने पर शव खराब होने की स्थिति होने पर पिछले शुक्रवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस ने मानवीय धर्म निभाते हुए सहायक उप निरीक्षक मांगीलाल गोदारा व हेड कांस्टेबल खिंयाराम जाट की उपस्थिति में अंतिम संस्कार की क्रिया पूरी करवाई गई। इस दौरान खाजूवाला पुलिस ने मृतक के कपड़े व जूते आदि रखवाए थे ताकि शिनाख्त कर परिजनों का पता लगाया जा सकें। श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ पुलिस थाना में अमरजीत चौहान कांस्टेबल (राजस्थान पुलिस) के पद पर पदस्थापित था। इससे पहले वह श्रीगंगानगर में ट्रैफिक पुलिस के पद पर था। वह पिछले कुछ समय से अनूपगढ़ पुलिस थाना में पदस्थापित था। कांस्टेबल अमरजीत चौहान मूल रूप से श्रीगंगानगर जिले में लालगढ़ के पास हाकमाबाद का रहने वाला था। वह 23 नवंबर को खाजूवाला आ रहा था। जहां खाजूवाला के निकटवर्ती ग्राम पंचायत 3 पावली में चक 1 केजेड़ी में मृतक अमरजीत के ताऊ रहते है, वहां मिलने के आ रहा था। मृतक युवक के हाथ पर लिखा था नाम
खाजूवाला पुलिस थाना के सहायक उप निरीक्षक मांगीलाल गोदारा ने बताया कि मृतक के दाहिने हाथ पर अमरजीत चौहान नाम लिखा था। जिसका रँग सांवला तथा लंबाई करीब 5 फुट 5 इंच थी। जिसके स्लेटी रंग का ट्रेक शूट व स्केचर्स कंपनी के जुतों के अलावा जॉकी कंपनी के अंडरगारमेंट्स पहन रखे थे। हालांकि इस संबंध में खाजूवाला पुलिस ने एक पत्र राजस्थान, पंजाब, हरियाणा में संबंधित थानाधिकारियों को सूचना के लिए जारी किया था ताकि शिनाख्त होने व वारिसान की जानकारी हो सकें।


