नववर्ष के मौके पर शुक्रवार को जिलेभर के पुलिस अधिकारियों का स्नेह मिलन कार्यक्रम जिला मुख्यालय पर जंक्शन स्थित ऑफिसर्स मैस में पुलिस अधीक्षक अरशद अली की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर कानाराम भी मौजूद रहे। एएसपी जनेश तंवर ने बताया कि बीते साल में जिला पुलिस की ओर से नशीले-मादक पदार्थों व अवैध हथियारों के खिलाफ अच्छी कार्रवाई की गई। निस्तारित किए गए मुक़दमों का आंकड़ा भी बेहतर है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इस साल भी नशे के खिलाफ चलाए जा रहे मानस अभियान को पहले से अधिक सख्ती से लागू किया जाएगा। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विशेष प्लान बनाया गया है। इस प्लान के तहत कार्रवाई की जाएगी। एएसपी तंवर के अनुसार वर्तमान समय में क्षेत्र में सुबह-शाम के समय घना कोहरा छा रहा है। इसलिए आवश्यक कार्य होने पर ही घर से निकलें। कोहरे में वाहन चलाते समय फॉग लाइट जलाकर रखने सहित अन्य संसाधन उपयोग में लें ताकि दुर्घटना से बचा जा सके। कार्यक्रम में एएसपी नीलम चौधरी, राज कंवर, डीएसपी मीनाक्षी, रणवीर साईं, करणसिंह सहित पुलिस निरीक्षक सतपाल बिश्नोई, कविता पूनिया, रामचन्द्र कस्वां, ईश्वरानंद शर्मा, धर्मपाल शेखावत, रणवीर सिंह, उप निरीक्षक रजनदीप कौर, संतोष, राजेन्द्र कुमार, तेजवन्त सिंह, अजय कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।


