भास्कर संवाददाता | सीहोर पुलिस और स्थानीय व्यापारी आपसी समन्वय से अब शहर की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने में सहयोगी बनेंगे। इसके लिए शहर में कई स्थानों पर व्यापारियों के सहयोग से सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे। इस संबंध में रविवार को सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा और स्थानीय व्यापारियों की बैठक हुई, जिसमें कई निर्णय लिए गए। रविवार को सीहोर सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा और टीआई रविंद्र यादव ने सराफा व्यापारियों के साथ सराफा बाजार में समन्वय बैठक आयोजित की। इसमें शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, आपसी समन्वय बढ़ाने और अपराधों की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान जन सहयोग से सराफा बाजार में सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया। साथ ही सभी दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से काम करते रहें, इसका भी निर्णय लिया गया। बाजार में कोई भी संदिग्ध दिखे तो व्यापारी तत्काल उसकी सूचना थाने पर देंगे। किसी भी परिस्थिति को लेकर चर्चा करने के लिए पुलिस और सराफा व्यापारियों का एक ग्रुप भी बनाया जाएगा, जिसमें सूचनाएं आदान-प्रदान की जा सकें। इस दौरान पुलिस की नियमित गश्त और संवेदनशील क्षेत्र में अतिरिक्त निगरानी की बात भी पुलिस अधिकारियों द्वारा कही गई है।


