भास्कर न्यूज | अमृतसर कोर्ट में पेशी के बाद पुलिस की गाड़ी लेकर भागने की कोशिश करने मामले में 3 नशा तस्करों को नामजद किया गया है। थाना केंटोनमेंट पुलिस ने बलराज सिंह राजा निवासी चेतनपुरा, आकाशदीप सिंह निवासी कंदोवाली और जरनैल सिंह निवासी चेतनपुरा के खिलाफ केस दर्ज किया है। इसके बाद आरोपियों को थाना झंडेर की पुलिस के हवाले कर दिया गया है। डीएसपी गुरविंदर सिंह ने बताया कि थाना झंडेर पुलिस ने 10 और 11 जनवरी को नशे के केस में 5 और 6 नंबर एफआईआर में बलराज सिंह, आकाशदीप सिंह और जरनैल को गिरफ्तार किया था। तीनों को थाना झंडेर पुलिस बीते सोमवार को कोर्ट में पेशी करने के बाद सेंट्रल जेल फताहपुर लेकर जा रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने हैड कांस्टेबल अवतार सिंह से हाथापाई कर पुलिस की गाड़ी भागने की कोशिश की मगर दूसरी कार से टक्कर होने पर कामयाब नहीं हो पाए। बता दें कि सोमवार दोपहर के समय सारा मामला हुआ था और पुलिस उस समय मामले से किनारा करते हुए इसे पूरी तरह से दबाने की कोशिश कर रही थी।


