रुद्र नगर कॉलोनी में डॉ. उमेश उर्फ यश चौधरी पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने जांच पूरी करते हुए आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश कर दिया है। पुलिस के अनुसार यह वारदात 27 सितंबर को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी गई थी। जांच में सामने आया कि इस मामले में कुख्यात बदमाश करतार गुर्जर मुख्य आरोपी है, जिस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसके अलावा उसके साथी महेश गुर्जर, विष्णु गुर्जर, छोटू और अवतार गुर्जर भी घटना में शामिल पाए गए हैं। आरोपियों ने मिलकर यश चौधरी पर फायरिंग की थी, हालांकि गोली उन्हें नहीं लगी और दुकान के काउंटर पर जा लगी, जिससे छर्रे लगने से यश चौधरी और एक बच्चा घायल हो गए थे। पुलिस ने मामले में हथियारों की बरामदगी, गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चालान पेश किया है। अब मामले की सुनवाई कोर्ट में होगी और आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ेगी। घटना के दौरान मुख्य आरोपी इनसे लगातार संपर्क में था… यश चौधरी पर फायरिंग की घटना में पुलिस की जांच का दायरा और बढ़ सकता है। जानकारी के अनुसार इस मामले से जुड़े दो और आरोपियों की भूमिका सामने आई है, जिसकी फिलहाल जांच की जा रही है। संदिग्ध की पहचान शहर के मशहूर होटल व्यवसायी के रूप में हुई है, जो एक विधायक के नजदीकी हैं। इसके साथ ही पूर्व जिला प्रमुख की भूमिका भी संदेह के घेरे में बताई जा रही है। पुलिस को जांच में जानकारी मिली है कि फायरिंग की घटना के दौरान मुख्य आरोपी करतार इन दोनों के संपर्क था। जिसकी जांच पुलिस कर रही है। पुलिस ने मुख्य आरोपी की कॉल डिटेल के आधार पर जांच आगे बढ़ाई है।


