पुलिस के हाथ लगा दो हजार का इनामी बदमाश:युवक पर झपट्‌टा मारकर लूटा था मोबाइल, CCTV फुटेज से पहचान; नौ महीने बाद गिरफ्तार

ग्वालियर में इंदरगंज पुलिस के हाथ दो हजार रुपए का इनामी एक बदमाश लगा है। पकड़ा गया बदमाश पेशेवर लुटेरा है। नौ महीने पहले उसने कोणार्क हॉस्पिटल के पास एक युवक पर झपट्‌टा मारकर मोबाइल लूटा था। घटना के बाद घटना स्थल से मिले CCTV फुटेज से बदमाश की पहचान भी हो गई थी। पर नौ महीने से वह पुलिस काे चकमा दे रहा था।
रविवार को बदमाश के शहर में गांधी नगर में आने की सूचना मिली थी, जिस पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल बदमाश से पूछताछ की जा रही है कि वह इतने दिन कहां रहा और क्या-क्या किया।
सीएसपी इंदरगंज रोबिन जैन ने बताया कि रविवार को सूचना मिली थी कि इंदरगंज इलाके में फरवरी 2025 में एक युवक से मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम देने वाला बदमाश विकास उर्फ विक्की पुत्र रामसेवक कुशवाह अपने घर गांधी नगर आया हुआ है। इस पर इंदरगंज थाना प्रभारी दीप्ति तोमर को तत्काल बदमाश की घेराबंदी कर गिरफ्तार करने के लिए कहा गया।
पुलिस की टीम बदमाश के घर पहुंची और उसकी जानकारी की तो वह घर में ही छिप गया। पुलिस ने घर की तलाशी के बाद उसे गिरफ्तार किया है। पुलिस पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर थाने पहुंची और पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस लूटे गए मोबाइल के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पूछ रही है कि बदमाश को किस-किस ने कहां-कहां मदद की है।
ऐसे समझिए पूरा मामला
फरियादी सूरज धाकड़ निवासी कांटे साहब का बाग शब्द प्रताप आश्रम बहोडापुर ने 27 फरवरी को थाना इंदरगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 फरवरी की शाम को वह अपने घर से मेडिकल के लिए पैदल-पैदल अपना मोटोरोला कंपनी का मोबाइल हाथ में लिए हुए जा रहा था। जैसे ही वह कोर्णाक हॉस्पीटल के पास लक्ष्मण तलैया रोड़ पहुंचा ही था कि शब्द प्रताप आश्रम की तरफ से मोटर साइकिल स्पलेंडर से दो युवक आए। जिसमें बाइक पर पीछे बैठे युवक ने झपट्‌टा मारकर मोबाइल छीन लिया और भाग गए।
इंदरगंज थाना प्रभारी दीप्ति तोमर ने बताया- नौ महीने पहले कोणार्क हॉस्पिटल के पास सड़क पर झपट्टा मारकर युवक से मोबाइल लूटने वाले बदमाश को गिरफ्तार किया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *