पुलिस को कपिल पर शक, टीम खंडवा रवाना‎:शव रखकर प्रदर्शन, पिता बोले- अपहरण कर बेटी की हत्या हुई

चूनाभट्टी थाना क्षेत्र में बुधवार को छत से गिरी छात्रा प्रिया मेहरा की संदिग्ध हालत में हुई मौत के मामले में परिजनों ने गुरुवार को सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया। पिता ने बेटी का अपहरण कर उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि 24 घंटे बाद भी पुलिस को आरोपी की जानकारी नहीं लग पाई है। पिता कैलाश मेहरा का कहना है कि प्रिया के कपड़े फटे हुए थे। उसका मोबाइल और जैकेट गायब है। इधर, चूनाभट्टी थाना प्रभारी धर्मेंद्र मौर्य ने बताया कि पुलिस को कपिल तुषार पर शक है। उसकी तलाश में पुलिस की दो टीमें काम कर रही हैं। कपिल खंडवा का रहने वाला था। उसकी तलाश में एक टीम को खंडवा भी रवाना किया गया है। कपिल पारिका सोसाइटी में एक होम स्टे में केयरटेकर का काम करता था। सोसाइटी के सीसीटीवी फुटेज में वह दिखा है। जांच में भी सामने आया कि कपिल ही प्रिया को लेकर अस्पताल पहुंचा था। प्रिया शाहपुरा के ईश्वर नगर की रहने वाली थी और नूतन कॉलेज से बीए फाइनल इयर की छात्रा थी। जांच में खुलासा… कॉलेज पहुंची ही नहीं थी प्रिया जांचकर्ता एसआई विनोद पंथी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रिया कॉलेज जाने का कहकर घर से तो निकली थी, लेकिन कॉलेज पहुंची ही नहीं पाई। कॉलेज के आसपास के सीसीटीवी फुटेज में भी प्रिया नहीं दिखी है। ऐसे में कपिल तुषार की गिरफ्तारी के बाद ही मौत के सही कारण का खुलासा हो सकेगा। परिजनों ने दानिश नगर चौराहे पर शांतिपूर्ण तरीके से न्याय के लिए प्रदर्शन किया। परिजन और लोगों ने गुरुवार शाम 4 बजे प्रिया की बॉडी चौराहे पर रखकर प्रशासन से आरोपी को गिरफ्तार कर उसे फांसी की सजा दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपी 24 घंटे से ज्यादा समय बीतने के बाद भी फरार है। इसके बाद भी पुलिस को उसके संबंध में कोई जानकारी नहीं है। घर से फीस और फॉर्म भरने कॉलेज के लिए निकली थी प्रिया : पिता कैलाश ने बताया कि प्रिया बुधवार सुबह 9:30 बजे के करीब घर से निकली थी। उसे कॉलेज की फीस जमा करनी थी। इसके अलावा कुछ फॉर्म भी जमा करने थे। प्रिया के घर से निकलने के बाद वो ड्यूटी पर चले गए थे। 10:15 बजे के करीब प्रिया ने कॉल करके बताया था कि वो कॉलेज पहुंच गई है। इसके बाद पुलिस ने 1:30 बजे उनको 1250 अस्पताल बुलाया था। यहां उनको प्रिया की बॉडी मिली थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *