पुलिस को 40-50 लोगों ने घेरा, धक्का-मुक्की की:छेड़छाड़ के आरोपी को पुलिस से छुड़ा ले गई भीड़, धमकाया- वर्दी उतरवा देंगे

छेड़छाड़ के आरोपी को गिरफ्तार करने सर्वेसरी नगर पंडरा गई पुलिस को 40-50 लोगों ने घेर लिया। उनके साथ गाली-गलौज की गई और धमकी दी गई। पुलिस कर्मियों पर जान से मारने की नीयत से ईंट, पत्थर व डंडा से पुलिस वाहन पर हमला किया गया। इसमें आरक्षी अवधेश राम और मुन्ना लाल घायल हो गए। इसके बाद पुलिस की टीम वहां से जस्सी लोहिया को छोड़ कर निकल गई। इस मामले में दारोगा गिरिजा मोहन सिंह ने पंडरा ओपी में आरोपी जस्सी लोहिया और अन्य अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में आरोप है कि 16 साल की छात्रा से छेड़छाड़ मामले में जस्सी लोहिया के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसी मामले में आरोपी जस्सी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस रात 10.15 बजे उसके घर पर पहुंची। पुलिस ने जस्सी लोहिया को अपने वाहन में बैठाया ही था कि उन्हें 40-50 लोगों ने घेर लिया। पुलिस के साथ गाली-गलौज करने बाद सभी लोगों ने जस्सी लोहिया को जबरन गाड़ी से उतार लिया। पुलिस को धमकी दी गई कि उनका नेता-मंत्री के साथ उठना-बैठना है। तुम जैसे पुलिस वालों की वर्दी उतरवा देंगे। इस पूरी घटना की सूचना वरीय पुलिस अधिकारियों को दी गई। इस मामले में पुलिस गई थी गिरफ्तार करने 16 साल की छात्रा के साथ छेड़छाड़ मामले में उसकी मां ने सुखदेवनगर थाने में जस्सी लोहिया के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। जस्सी पर छात्रा ने आरोप लगाया है कि वह काफी दिनों से छेड़छाड़ कर रहा है। उस पर पूर्व में भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। आरोपी धमकी देता है कि वह केस करेगी तो उसके ऊपर तेजाब छिड़क देगा। इसी मामले में पुलिस उसे गिरफ्तार करने गई थी। पुलिस ने सर्कुलर रोड में किया मार्च, मनचलों को चेतावनी- बिना कारण छात्राओं के आसपास दिखे तो कार्रवाई वीमेंस कॉलेज पहुंचे ग्रामीण एसपी, छात्राओं से कहा- कोई भी छेड़छाड़ करे तो तुरंत डायल 100 या 112 पर दें जानकारी, पुलिस मदद करने के लिए हर समय तैयार शहर में बेटियों के साथ हो रही छेड़खानी की घटना को लेकर रांची पुलिस गंभीर है। शुक्रवार को ग्रामीण एसपी सु​मित कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने रांची के विभिन्न स्कूल, कॉलेज और शिक्षण संस्थानों का निरीक्षण किया। पुलिस ने सर्कुलर रोड में फ्लैग मार्च भी निकाला। रांची महिला कॉलेज में एसपी ने छात्राओं के साथ बातचीत भी की। एसपी ने छात्राओं को कहा कि उनके साथ कोई भी मनचला अगर किसी तरह की छेड़खानी करता है, तो इसकी जानकारी तुरंत 100 नंबर या 112 पर डायल कर दें। छात्राओं को संबंधित थाना के प्रभारी का मोबाइल नंबर भी छात्राओं को दिया गया। महिला कॉलेज के आसपास ठेला लगाने वालों पर सख्ती करते हुए अवैध ठेलों को हटाया गया। महिला कॉलेज व जिन शिक्षण संस्थानों के पास स्थाई दुकानें हैं, जहां युवकों का जमावड़ा होता है, उन्हें अड्डेबाजी पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया। महिला कॉलेज साइंस ब्लॉक के पास लगने वाली सभी दुकानों व ठेलों को लालपुर थाना प्रभारी ने बंद करा दिया है। कार्रवाई नहीं करने वाले पुलिस अधिकारी पर भी होगी कार्रवाई ग्रामीण एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने कहा कि है कि किसी भी थाना क्षेत्र में छेड़खानी की घटना होती है और उसकी जानकारी थाने को मिलती है तो अविलंब कार्रवाई की जाए। अगर कोई थानेदार या पुलिस कर्मी कार्रवाई नहीं करता है, लापरवाही सामने आती है तो उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अपर बाजार में छात्राओं के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना में लापरवाही बरतने वाले छह पुलिस कर्मी निलंबित हो चुके हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *