कोतवाली थाना क्षेत्र के बस स्टैंड चौकी के सामने पुलिस ने शनिवार को वाहन चैकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने वाहनों के रजिस्ट्रेशन, वाहनों का बीमा और वाहनों के प्रदूषण संबंधी दस्तावेजों के साथ ही वाहन चालक के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की। जांच के दौरान पुलिस ने 32 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 16 हजार रुपए का जुर्माना वसूला है। बस स्टैंड चौकी प्रभारी एसआई अंकित मिश्रा ने बताया कि बस स्टैंड थाने के बाहर ई-रिक्शा सहित टू व्हीलर, फोर व्हीलर, लोडर वाहनों की जांच की गई है। जांच के दौरान चालकों का ड्रायविंग लाइसेंस देखा गया है। साथ ही वाहनों के रजिस्ट्रेशन, बीमा, प्रदूषण संबंधी दस्तावेजों को देखा गया है। इसके अलावा दो पहिया वाहन में तीन सवारी बैठाने और बगैर हेलमेट लगाकर दो पहिया वाहन चलाने पर भी कार्रवाई की गई है। पुलिस 12 ई-रिक्शा वाहन चालकों का चालान काटकर 6 हजार और दो पहिया, चार पहिया, लोडर सहित 20 वाहनों की जांच कर 10 हजार रुपए का जुर्माना वसूल किया गया है। पुलिस ने 32 वाहनों के चालान काटकर 16 हजार रुपए का जुर्माना वसूल किया है। वाहनों का जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने हिदायत भी दी गई है।


