इंदौर में ऑनलाइन गेमिंग वेबसाइट के माध्यम से फ्रॉड करने वाली मंदसौर की गैंग के 8 आरोपियों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। ठग लोगों से लिया रुपया अलग-अलग खातों में डालकर उन्हें आईडी और पासवर्ड देते थे। उसी आईडी से लोग वेबसाइट पर सट्टा खेलते थे। आरोपियों के पास से करोड़ों का हिसाब-किताब मिला है। पुलिस ने बताया कि टीम ने दबिश देकर आरोपी परीक्षित लोहार, रोशन लालवानी, विजय विश्वकर्मा, अभिषेक यादव, राजेश कोतक, प्रफुल्ल सोनी, महेन्द्र सिंह निवासी मंदसौर और रुचित निवासी बिहार को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ पब्लिक गैंबलिंग एक्ट में केस दर्ज किया है। आरोपियों से फर्जी बैंक खाता नंबर भी मिले हैं। मोबाइल में दुबई मनी एक्सचेंज करने वाले लोगों के नंबर भी मिले हैं।


