करौली पुलिस ने गैस सिलेंडर चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी फरमान (19 वर्ष), निवासी हबीब कॉलोनी, मासलपुर गेट बाहर, करौली से चोरी किया गया गैस सिलेंडर और वारदात में इस्तेमाल किया गया टेंपो बरामद किया गया है। यह मामला 17 सितंबर 2025 को सामने आया था, जब शिकारगंज स्थित एक मकान से गैस सिलेंडर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। पीड़ित मदनमोहन शर्मा ने रिपोर्ट में बताया था कि परिवार के सदस्य घर के अंदर थे, जबकि बाहर सीढ़ियों के पास रखा सिलेंडर चोरी हो गया था। शिकायत के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। गठित टीम ने तलाश के दौरान आरोपी फरमान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने सिलेंडर चोरी कर उसे टेंपो में ले जाने की बात कबूल की। पुलिस ने चोरी किया गया सिलेंडर और घटना में प्रयुक्त टेंपो जब्त कर लिया है। आरोपी फरमान आदतन चोर है और उसके खिलाफ पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।


