पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जयंती पर सुशासन दिवस के मौके पर जोधपुर पुलिस आयुक्तालय की ओर से गुरुवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने जनसेवा, ईमानदारी और पारदर्शिता के संकल्प के साथ सुशासन दिवस मनाया। पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिसिंग का असली मकसद केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि जनता का विश्वास जीतना है। उन्होंने कहा कि सुशासन तभी संभव है जब हर पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों को निष्ठा से निभाए और आमजन के प्रति संवेदनशील रहे। कमिश्नर ने पुलिस बल में व्यवहारिक सुधार और जवाबदेही की भावना बढ़ाने पर विशेष बल दिया। साथ ही कहा कि पुलिस और जनता के बीच भरोसा ही सुशासन की नींव है। हर थाने स्तर पर छोटी-छोटी पहले इस दिशा में बड़ा बदलाव ला सकती हैं। कार्यक्रम में डीसीपी विनीत बंसल, पीडी नित्या, शाहीन सी, ADCP सुनील पंवार, रोशन मीणा सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और थाना प्रभारियों ने भाग लिया। सभी ने सुशासन के सिद्धांतों पारदर्शिता, ईमानदारी, जवाबदेही और सेवा भावना पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को यह संदेश दिया कि वे समाज से संवाद बनाए रखें, ताकि अपराध की रोकथाम और नागरिक सुरक्षा में जनता की सहभागिता बढ़े। पुलिस विभाग की ओर से नागरिकों से आग्रह किया गया कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और शिकायतों के समाधान के लिए पुलिस तंत्र पर विश्वास रखें।


