सिरोही के अरविंद पवेलियन में सांसद खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हो गया। इस अवसर पर विजेताओं को सिरोही की पहचान ‘तलवार’ के साथ प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा सरस्वती पूजन से हुआ। समापन समारोह के मुख्य मेहमान सांसद लुंबाराम चौधरी थे। विशिष्ट अतिथियों में राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, तीरथ गिरी महाराज, भाजपा जिला अध्यक्ष सिरोही डॉ. रक्षा भंडारी और जालौर जिला अध्यक्ष जसराज पुरोहित शामिल रहे। सांसद लुंबाराम चौधरी ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलों के विकास में योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं से ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच मिल रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी ने खेल क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का सकारात्मक परिणाम बताया। इस अवसर पर भाजपा मीडिया प्रभारी रोहित खत्री ने बताया कि सांसद लुंबाराम चौधरी की मांग पर केंद्रीय रेल राज्यमंत्री रणवीतसिंह बिट्टू ने पिंडवाड़ा में दो ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी दी है। अब ट्रेन संख्या 12215/12216 दिल्ली सराय रोहिल्ला – बांद्रा टर्मिनल गरीब रथ और ट्रेन संख्या 19409/19410 साबरमती – गोरखपुर पिंडवाड़ा में रुकेंगी। सांसद लुंबाराम चौधरी ने विजेताओं को किया सम्मानित, देखें फोटोज… प्रतियोगिता के लोकसभा संयोजक गणपत सिंह राठौड़ ने सफल आयोजन के लिए सभी कार्यकर्ताओं और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे एक ऐतिहासिक आयोजन बताया। कार्यालयीन व्यवस्थाओं का दायित्व मनोहर सिंह इंदा और विक्रम सिंह सरदार ने संभाला। मीडिया प्रभारी गोपाल सिंह राव के अनुसार, विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे: पुरुष वर्ग में कबड्डी में रेवदर विजेता और आबू पिंडवाड़ा उपविजेता रहा। खो-खो में आबू पिंडवाड़ा ने जीत हासिल की, जबकि सिरोही-शिवगंज उपविजेता रहा। शूटिंग वॉलीबॉल में सांचौर विजेता और आबू पिंडवाड़ा उपविजेता रहे। फुटबॉल में रेवदर विजेता और भीनमाल उपविजेता बने। रस्साकशी में भीनमाल विजेता और जालौर उपविजेता रहा। महिला वर्ग में कबड्डी में रानीवाड़ा प्रथम और सिरोही-शिवगंज द्वितीय स्थान पर रहे। खो-खो में सिरोही-शिवगंज प्रथम और जालौर द्वितीय रहे। शूटिंग वॉलीबॉल में भीनमाल प्रथम और जालौर द्वितीय स्थान पर रहे। फुटबॉल में सांचौर प्रथम और रानीवाड़ा द्वितीय रहे। रस्साकशी में आबू पिंडवाड़ा प्रथम और सिरोही-शिवगंज द्वितीय स्थान पर रहा।


