राजसमंद जिले के नाथद्वारा में गुरुवार सुबह 10 बजे सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा श्रीनाथजी मंदिर थाना इलाके में नाथद्वारा-बागोल रोड पर हुआ। श्रीनाथजी मंदिर पुलिस थाना इंचार्ज विक्रम सिंह ने बताया- इलाके के उसरवास गांव का रहने वाला जगदीश रेबारी (30) बाइक पर नाथद्वारा की तरफ आ रहा था। इस दौरान नाथद्वारा से जा रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जगदीश की बाइक को चपेट में ले लिया। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी। धमाके के साथ कार ने बाइक को चपेट में लिया और फिर बेकाबू होकर रोड किनारे बने एक मकान की दीवार को तोड़ते हुए अंदर घुस गई। बाइक काफी डैमेज हो गई। बाइक सवार जगदीश लहूलुहान हो गया। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलने पर थाना इंचार्ज विक्रम सिंह जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नाथद्वारा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। स्कॉर्पियो कार को जब्त कर मामला दर्ज करते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।


