‘पूरे देश पर गौ हत्या का लग रहा पाप’:गोमाता और हिंदू धर्म दोनों खतरे में, बाबा रामदेव बोले— सनातन की मान-मर्यादा हो रही खत्म

वर्तमान समय में गोमाता और हिंदू धर्म दोनों खतरे में है। सनातन की मान-मर्यादा खत्म हो रही है, जिसके लिए हिंदू विरोधी ताकतों के साथ-साथ हिंदू खुद भी जिम्मेदार हैं। यह कहना है योग गुरु बाबा रामदेव का।
बाबा रामदेव रविवार सुबह निजी विमान से दिल्ली से रवाना होकर करीब 11 बजे झालावाड़ की कोलाना हवाई पट्टी पहुंचे। यहां पतंजलि योगपीठ समिति के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कत्लखानों में गोवंश के जाने से पूरे देश पर गौ हत्या का पाप लग रहा है। उन्होंने प्रत्येक हिंदू से गोवंश की रक्षा के लिए आगे आने और कम से कम एक गोवंश को पालने का संकल्प लेने का आह्वान किया। साथ ही गोचर भूमि को सुरक्षित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
बाबा रामदेव ने कहा कि यदि गोचर भूमि सुरक्षित रहेगी, तो गोमाता का पालन-पोषण आसान होगा और राजस्थान में लाखों गोवंश सुरक्षित रह सकेंगे। उन्होंने कहा कि गोचर भूमि पर एक इंच भी अतिक्रमण नहीं होना चाहिए। ‘भूमि को भूमाफियाओं से बचाना बेहद जरूरी’
इस दौरान बाबा रामदेव ने बताया कि देश में करीब 15 करोड़ गोवंश कत्लखानों की ओर जा रहे हैं। इसे रोकने के लिए गोचर भूमि को भूमाफियाओं से बचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि केवल कानून बना देने से समस्या का समाधान नहीं होगा, जब तक गोवंश का पालन और संरक्षण नहीं किया जाएगा। ‘पूरे देश में अभियान चलाने की जरूरत’
गोवंश संरक्षण के लिए पतंजलि की ओर से चलाए जा रहे अभियानों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि इन प्रयासों से लगभग 1 लाख गोवंश की रक्षा की जा रही है। उन्होंने पूरे देश में गोवंश संरक्षण के लिए एक सघन अभियान की आवश्यकता पर बल दिया। ‘केवल नारे लगाने से गोमाता की रक्षा संभव नहीं’
शंकराचार्य के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए बाबा रामदेव ने कहा कि साधु-संत गोवंश संरक्षण के लिए कानून की बात कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून बनने के बाद भी गोवंश की देखभाल और गोचर भूमि की सुरक्षा आवश्यक रहेगी। उन्होंने कहा कि केवल नारे लगाने से गोमाता की रक्षा संभव नहीं है। सड़क मार्ग से रामगंजमंडी के लिए हुए रवाना
झालावाड़ की कोलाना हवाई पट्टी पर स्वागत सत्कार के बाद बाबा रामदेव कोटा जिले के रामगंजमंडी में आयोजित आचार्य धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा एवं गौ महोत्सव में शामिल होने के लिए सड़क मार्ग से रवाना हुए। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बाबा रामदेव दोपहर में पुनः कोलाना हवाई पट्टी पहुंचे और वहां से देहरादून के लिए रवाना हुए। इस दौरान पतंजलि योग समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य, एसडीएम अभिषेक चारण, एएसपी भागचंद मीणा और डीएसपी मनोज सोनी सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *