पूर्व मंत्री बोले-4 बार से अर्जुनराम मेघवाल क्यों जीत रहा?:कांग्रेस कमजोर हुई, पार्टी के नेताओं को मैदान में उतरना पड़ेगा

कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके गोविंदराम मेघवाल का कहना है- हमारी कांग्रेस कमजोर हो चुकी है, पार्टी के नेताओं को मैदान में उतरना पड़ेगा। उन्होंने बीकानेर के कांग्रेस नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि यहां से मनफूल सिंह भादू जीत गए, बलराम जाखड़ जीत गए, लेकिन इसके बाद अर्जुनराम मेघवाल चार बार जीत गया। निश्चित रूप से हमारा वोट कहीं जा रहा है, या फिर हमारे नेताओं की कमजोरी है। इस बीच उन्होंने केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल पर भी जुबानी हमला किया। उन्होंने कहा कि वो(अर्जुनराम मेघवाल) दो बार सीजेआई(चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया) को बीकानेर लेकर आए, लेकिन बीकानेर में हाईकोर्ट बैंच लेकर नहीं आ सके। जबकि खाजूवाला को रेल से जोड़ने का वादा किया था, लेकिन वह भी आज तक पूरा नहीं हुआ। आरएलपी की सक्रियता पर बोले- जनता के बीच जाना पड़ेगा
मंगलवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री मेघवाल ने बीकानेर के जयपुर- जोधपुर हाईवे स्थित अपने फार्म हाउस पर मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि हमारे नेताओं को काम करने की जरूरत है। कांग्रेस नेता रामेश्वर डूडी के निधन के बाद बीकानेर में आरएलपी की सक्रियता से जुड़े सवाल पर भी मेघवाल ने जवाब दिया। उन्होंने कहा- जनता के बीच जाना पड़ेगा। आज छह विधानसभाओं में बीजेपी जीत गई है। 4 बार अर्जुनराम मेघवाल जीत गए। यहां से मनफूल सिंह जीते, बलराम जाखड़ जीते, फिर चार बार से अर्जुनराम क्यों जीत रहा है। निश्चित रूप से कांग्रेस का वोट जा रहा है या फिर नेताओं की कमजोरी है। इसलिए हमारे नेताओं को समझना पड़ेगा कि महात्मा गांधी और नेहरु ने पार्टी के लिए जेल यात्रा तक की, तब जाकर आजादी मिली। इसलिए जिले के नेताओं से अपील करता हूं कि वे अपने अपने क्षेत्र में काम करें। प्रतिद्वंद्वी एमएलए डॉ. विश्वनाथ अब अर्जुनराम के साथ
गोविंद मेघवाल ने कहा कि उनके क्षेत्र में प्रतिद्वंद्वी एमएलए डॉ. विश्वनाथ मेघवाल और केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के बीच समझौता हो गया है। पहले तो ये दोनों अलग थे, लेकिन अब एक साथ हैं। उन्होंने कहा कि विश्वनाथ पहले देवीसिंह भाटी के नजदीक थे, लेकिन अब अर्जुनराम के नजदीक हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *