करौली में पूर्व मंत्री और सपोटरा विधानसभा के पूर्व विधायक रमेश चंद्र मीना का जन्मदिन सामाजिक सरोकार के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर में 163 से अधिक लोगों ने रक्तदान किया। रमेश चंद्र मीना का 63वां जन्मदिन समर्थकों और कांग्रेस नेताओं के सहयोग से धूमधाम से मनाया गया। यह शिविर शहर के गुलाब बाग के पास स्थित एक निजी मैरिज गार्डन में आयोजित किया गया था। शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और 163 से अधिक स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। इस दौरान समर्थकों ने पूर्व मंत्री को साफा और माला पहनाकर तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में जेसीबी के माध्यम से पुष्प वर्षा की गई और 151 फीट का साफा पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया गया। आयोजन में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।


