जयपुर फुट यूएसए और राजस्थान एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (RANA), न्यूयॉर्क की ओर से महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री और महाराष्ट्र विधानसभा के पांच बार के विधायक राज के. पुरोहित के अचानक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया है। उनके निधन की खबर से न्यूयॉर्क सहित प्रवासी राजस्थानियों में शोक की लहर दौड़ गई है। जयपुर फुट यूएसए और RANA न्यूयॉर्क के अध्यक्ष प्रेम भंडारी ने शोक संदेश में कहा कि राज के. पुरोहित जयपुर फुट और RANA के लिए एक मजबूत स्तंभ और बड़े समर्थक थे। वे दोस्तों के सच्चे मित्र थे और मुंबई में हमेशा जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहते थे। उन्होंने कहा कि पुरोहित न केवल एक महान जननेता थे, बल्कि उत्तर भारत और विशेषकर प्रवासी राजस्थानियों की एक सशक्त आवाज़ भी थे। प्रेम भंडारी ने कहा- उनके निधन से समाज को अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। ईश्वर शोक संतप्त परिवार को यह गहन दुख सहने की शक्ति प्रदान करें और दिवंगत आत्मा को शाश्वत शांति प्रदान करें। उन्होंने बताया कि राज के. पुरोहित ने राजस्थान एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (RANA) न्यूयॉर्क के चार प्रमुख कन्वेंशनों—साल 2003, 2006, 2010 और 2014 में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वे न केवल RANA न्यूयॉर्क से जुड़े रहे, बल्कि जयपुर फुट यूएसए के कार्यों में भी सक्रिय सहभागिता निभाते रहे। साल 2019 में नागपुर स्थित बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की दीक्षा भूमि पर महाराष्ट्र सरकार के सहयोग से आयोजित दिव्यांग शिविर में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही। इस शिविर का आयोजन जयपुर फुट यूएसए ने अपनी मातृ संस्था भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के साथ मिलकर किया था, जिसमें तत्कालीन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का भी सहयोग रहा। प्रेम भंडारी ने बताया कि साल 2006 में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान, अखिल भारतीय प्रवासी महासंघ के अध्यक्ष के रूप में आर. के. राजपुरोहित ने प्रेम भंडारी को “शेरे मेराथन” की उपाधि से सम्मानित करवाया था। यह सम्मान उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के हाथों प्रदान किया गया था। उन्होंने कहा कि आर. के. राजपुरोहित न केवल महाराष्ट्र, बल्कि पूरे उत्तर भारत में प्रवासी राजस्थानियों की प्रमुख आवाज़ थे। कोलाबा जैसी सीट से भारतीय जनता पार्टी को पहली जीत दिलाने में भी उनकी अहम भूमिका रही। राज के. पुरोहित के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए RANA और जयपुर फुट यूएसए की ओर से 21 जनवरी को न्यूयॉर्क में एक शोक बैठक आयोजित की जाएगी।


