2017 में मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने वाली और बॉलीवुड अभिनेत्री मानुषी छिल्लर का मानना है कि ज्यादातर लोगों के सपने उनके हालातों से कहीं बड़े होते हैं। अगर इंसान कोशिश और मेहनत करता रहे, तो रास्ते अपने आप खुलने लगते हैं। मानुषी छिल्लर ने यह बातें बिलासपुर में आयोजित ऊषा देवी भंडारी स्मृति विनीत कप टेनिस बाल क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान कही। इस आयोजन में शिरकत करने पहुंचीं मानुषी ने दैनिक भास्कर डिजिटल से खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने न सिर्फ अपने जीवन के एक्सपीरिएंस शेयर किए, बल्कि युवाओं, महिलाओं की भूमिका और अपने फिल्मी सफर को लेकर भी खुलकर बात की। पढ़िए इस खास रिपोर्ट में मिस वर्ल्ड ने और क्या-क्या कहा… सवाल: पहली बार छत्तीसगढ़ आकर कैसा महसूस हो रहा है? जवाब: बहुत अच्छा लग रहा है। स्टेडियम में बड़ी संख्या में दर्शक मैच को सपोर्ट करने आए हैं। खुशी हो रही है कि बिलासपुर में इस तरह से बड़ा इवेंट हो रहा है। सवाल: टेनिस बॉल क्रिकेट मैच को लेकर आप क्या कहेंगी? जवाब: इस तरह के क्रिकेट मैच को देखकर लोगों का उत्साह बढ़ता है। कहते हैं कि छोटे शहरों में लोग टीवी पर मैच देखते हैं। इस तरह के मैच महानगरों में होता है। लेकिन बड़े स्तर पर आयोजन हो रहा है, जिससे लोगों को स्थानीय स्तर पर इस तरह का मैच देखने को मिल रहा है। सवाल: MBBS की पढ़ाई, मिस वर्ल्ड और फिर बॉलीवुड तक का सफर कैसा रहा? जवाब: मैं हमेशा यही मानती हूं कि जिंदगी अपने आप परफेक्ट नहीं बनती, उसे खुद परफेक्ट बनाना पड़ता है। मेरा करियर सफर अब तक काफी अच्छा रहा है। इस दौरान बीते कुछ सालों में मुझे कई नई चीजें सीखने का मौका मिला। मैंने अलग-अलग इंडस्ट्रीज को एक्सप्लोर किया, जिससे काम को समझने का नया नजरिया मिला और एक इंसान के तौर पर मैं काफी ग्रो हुई हूं। सवाल: क्या फिल्मों में एंट्री लेना मुश्किल होता है? आपके लिए यह सफर कैसा रहा? जवाब: बड़े बैनर से डेब्यू करने के बावजूद फिल्मों में टिके रहना ही सबसे बड़ी चुनौती होती है। सिर्फ कैमरे के सामने खूबसूरत दिखना काफी नहीं है। एक्टिंग एक क्राफ्ट है, जिसे रोज सीखना पड़ता है। मैं खुद को आज भी एक स्टूडेंट मानती हूं और मैंने कभी शॉर्टकट पर भरोसा नहीं किया। मिस वर्ल्ड बनने के बाद लोगों को लगता है कि रास्ते अपने आप आसान हो जाते हैं, लेकिन हकीकत इसके बिल्कुल उलट होती है। वो कहती हैं, ‘ताज पहनना एक पल की खुशी है, लेकिन उसके बाद खुद को रोज साबित करना पड़ता है। लोग आपको एक फ्रेम में देखना चाहते हैं, उस फ्रेम से बाहर निकलना सबसे मुश्किल होता है।’ सवाल: महिलाओं और युवाओं के लिए क्या कहना चाहती हैं? जवाब: आज हम क्रिकेट को सेलिब्रेट कर रहे हैं, मैं ऐसे कई लोगों को जानती हूं, जिनके सपने होते हैं, उनके हालातों से भी बड़े होते हैं। मैं भी कुछ इसी तरह की लड़की थी। कोशिश करें और मेहनत करें तो रास्ते अपने आप खुल जाते हैं। ……………………………. पंचायत के ‘विकास’ बोले- अब बस्तर का इश्क दिखाएंगे:कहा- ‘बनराकस’ और नीचे गिरेगा, बदला लेगा; शादी पर बोले- नीला ड्रम-मेघालय याद आ जाता है पंचायत वेब सीरीज के विकास यानी चंदन राय छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हैं। वे फिल्म RJ बस्तर की शूटिंग के लिए रायपुर पहुंचे हैं। अगले 2 दिन वो रायपुर में ही रहेंगे। इसके बाद आगे की शूटिंग के लिए जगदलपुर जाएंगे। शूटिंग के बीच एक्टर चंदन राय ने दैनिक भास्कर से अपने करियर, पंचायत के अगले सीजन और आगे के प्रोजेक्ट्स पर खास बातचीत की। पढ़ें पूरा इंटरव्यू…


