पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी का वीडियो फर्जी

भास्कर न्यूज | अमृतसर आप पंजाब के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने अपनी गंदी राजनीति के लिए सिख गुरुओं का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष आतिशी की फर्जी वीडियो वायरल कर ‘आप’ को बदनाम करने की भाजपा की साजिश अब पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है। फोरेंसिक जांच में यह स्पष्ट हो गया है कि वीडियो से छेड़छाड़ कर झूठा नैरेटिव गढ़ा गया। शनिवार को आप नेता गुरप्रताप सिंह के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए धालीवाल ने कहा कि पंजाब गुरुओं, संतों और पीरों की पवित्र धरती है, लेकिन भाजपा ने अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ किया। उन्होंने कहा कि भाजपा अब उस स्तर तक गिर चुकी है, जहां वह घटिया राजनीति के लिए धर्म का सहारा ले रही है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धालीवाल ने बताया कि भाजपा नेता कपिल मिश्रा के सोशल मीडिया अकाउंट से जारी की गई आतिशी की कथित वीडियो की जब जालंधर निवासी की शिकायत पर फोरेंसिक जांच करवाई गई, तो सच्चाई सामने आ गई। जांच में यह साफ हो गया कि आतिशी ने अपने पूरे बयान में कहीं भी गुरु साहिबान का नाम नहीं लिया था। वीडियो के साथ जानबूझकर छेड़छाड़ कर भाजपा ने सिख समाज की भावनाओं को आहत करने की कोशिश की। धालीवाल ने चेतावनी दी कि गुरुओं के सम्मान पर किसी भी तरह का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस और अकाली दल पर भी निशाना साधते हुए धालीवाल ने कहा कि राजनीति चमकाने के लिए गुरुओं को बीच में लाना शर्मनाक है। धालीवाल ने पंजाब की आर्थिक बदहाली के लिए केंद्र की भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि पंजाब के जायज फंड रोककर राज्य को कमजोर किया जा रहा है। धालीवाल ने कहा कि भाजपा पंजाब, गरीब, दलित और किसान विरोधी पार्टी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *