डूंगरपुर के गेपसागर की पाल स्थित श्रीनाथ मंदिर में सोमवार को ऐतिहासिक शिखर प्रतिष्ठा महोत्सव संपन्न हुआ। इस धार्मिक अनुष्ठान में पूर्व राजपरिवार और पूर्व राज्यसभा सांसद हर्षवर्धन सिंह सपरिवार मुख्य यजमान के रूप में मौजूद रहे। सुबह से शुरू हुए कार्यक्रम में पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ देवता पूजन किया गया। इसके बाद कलश और ध्वज दंड की प्राण प्रतिष्ठा के साथ न्यास विधि संपन्न की गई। शिखर पर प्रतिष्ठा के दौरान भगवान श्रीनाथ और जय श्रीराम के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। महोत्सव में उत्तर तंत्र, नवग्रह फल होम, लक्ष्मी व्याहृति होम सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान किए गए। यज्ञ कुंड में पूर्व राजपरिवार सहित श्रद्धालुओं ने आहुतियां दी और पूर्णाहुति की गई। मंदिर परिसर भजन कीर्तन और मंगल गीतों की स्वर लहरियों से गुंजायमान रहा। कार्यक्रम के समापन पर महाप्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के सभी वर्गों के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। विशेष रूप से महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही।


