पूर्व राज्य सभा सांसद ने कई मंत्रियों से की शिष्टाचार मुलाकात, टूर्नामेंट में शामिल होने का आमंत्रण दिया

भास्कर न्यूज| लोहरदगा कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व राज्यसभा सांसद सह लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरज प्रसाद साहू ने 9 फरवरी से 13 फरवरी तक आयोजित होने वाले बलदेव साहू मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट को लेकर झारखंड सरकार के कई मंत्रियों से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें टूर्नामेंट में शामिल होने का आमंत्रण दिया। इस क्रम में नगर विकास व आवास विभाग तथा पर्यटन, कला, संस्कृति विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर और ग्रामीण विकास विभाग की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से मुलाकात कर उन्हें आयोजन की जानकारी दी गई। सभी मंत्रियों ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए टूर्नामेंट में शामिल होने की सहमति प्रदान की है। क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरज प्रसाद साहू ने बताया कि बलदेव साहू मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 9 फरवरी से किया जा रहा है। उद्घाटन के दिन लोहरदगा वासियों के लिए विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है, जिसमें रशियन बैंड द्वारा शानदार प्रस्तुति दी जाएगी। इसके अलावा लेजर लाइट शो, आतिशबाजी व स्थानीय कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जो जिले के लोगों के लिए एक अलग और यादगार अनुभव होगा। उन्होंने कहा कि 10 फरवरी से क्रिकेट मैचों का शुभारंभ होगा। जिसमें मशहूर भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह की उपस्थिति रहेगी। वहीं टूर्नामेंट का भव्य समापन 13 फरवरी को होगा, जिसमें भारतीय क्रिकेट जगत के दिग्गज खिलाड़ी हरभजन सिंह और वीरेंद्र सहवाग शामिल होंगे। समापन के दिन दर्शकों को 5-5 ओवर के रोमांचक प्रदर्शनी मैच का भी आनंद मिलेगा। मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि वे धीरज प्रसाद साहू के आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हैं और इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का हिस्सा अवश्य बनेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *