भास्कर न्यूज|लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के बैनर तले आयोजित होने वाले बलदेव साहू मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरज प्रसाद साहू के सुपुत्र हर्षित साहू ने आयोजन स्थल एवं उससे जुड़ी व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने टूर्नामेंट में शामिल होने वाले अतिथियों, वीआईपी एवं वीवीआईपी मेहमानों, खिलाड़ियों और टीम ऑफिशियल्स के ठहरने, भोजन, आवागमन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर संबंधित पदाधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। हर्षित साहू ने बताया कि 9 फरवरी से बलदेव साहू मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ होने जा रहा है, जिसकी सभी आवश्यक तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। मैदान की साज-सज्जा, पिच की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और दर्शकों के लिए बैठने की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट केवल खेल आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि लोहरदगा के युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों के लिए सीखने और प्रेरणा लेने का एक बड़ा मंच साबित होगी। हर्षित साहू ने जानकारी दी कि टूर्नामेंट के दौरान कई खास कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। 10 फरवरी को लोकप्रिय भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह की उपस्थिति से आयोजन और भी आकर्षक होगा, वहीं 13 फरवरी को समापन समारोह में भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी हरभजन सिंह और वीरेंद्र सहवाग शिरकत करेंगे।


