भास्कर न्यूज|लोहरदगा लोहरदगा बाईपास एनएच-143ए पर हिरही से अर्रू तक लगभग 20 किमी. लंबी निर्माणाधीन सड़क ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। सड़क निर्माण कार्य में लापरवाही के कारण उड़ रही धूल और डस्ट डम्पिंग से आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को सदर प्रखंड के कैमो गांव में सड़क जाम कर दिया। धूलकण से परेशान ग्रामीण सज्जाद अंसारी, जमील अंसारी, प्रदीप उरांव, कड़िया भगत, सोमरा उरांव, नईम अंसारी, झिरगा उरांव, इम्तियाज अंसारी, मुश्ताक अंसारी, जाकिर अंसारी, रशीद अंसारी, रउफ अंसारी, मुख्तार अंसारी, रजिया खातून, चैतू उरांव का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य कर रही वीकेएस इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड द्वारा गांव के घरों के पास ही डस्ट जमा कर दिया गया। जिससे उड़ने वाली धूल सीधे घरों में प्रवेश कर रही है। पिछले 2 से 3 महीनों से धूलकण के कारण लोगों को सांस लेने, आंखों में जलन और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बावजूद इसके, ग्रामीणों की शिकायतों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने निर्माणाधीन सड़क पर फीता लगाकर बैरियर बनाया और सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण कुछ समय के लिए आवागमन पूरी तरह बाधित हो गई। ग्रामीणों की मांग थी कि तत्काल सड़क पर नियमित पानी पटवन किया जाए और घरों के पास जमा डस्ट को हटाया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। सड़क जाम की सूचना मिलने पर कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। कर्मचारियों द्वारा तत्काल पानी पटवन कराने और डस्ट हटाने का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीण शांत हुए और सड़क जाम हटाया गया। हालांकि ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि आगे भी धूल नियंत्रण और डस्ट हटाने की व्यवस्था नहीं की गई तो वे दोबारा आंदोलन और सड़क जाम करने को मजबूर होंगे।


