भास्कर न्यूज | रायगढ़ पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को ईडी द्वारा गिरफ्तार किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को केंद्र सरकार और ईडी के खिलाफ प्रदर्शन किया। 19 जुलाई को कार्यकर्ता कांग्रेस भवन से नारेबाजी करते हुए स्टेशन चौक पहुंचे। यहां ईडी का पुतला जलाया गया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनिल शुक्ला ने कहा कि ईडी भाजपा के अनुषांगिक संगठन की तरह काम कर रही है। कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कोई सबूत नहीं है। सिर्फ परेशान करने के लिए कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने हथकंडे नहीं रोके तो आंदोलन और उग्र होगा। ग्रामीण अध्यक्ष नरेंद्र नेगी ने कहा कि विधानसभा सत्र के अंतिम दिन जिले के जंगलों में काटे जा रहे पेड़ों का मुद्दा उठाया जाना था। इसी से ध्यान भटकाने के लिए भूपेश बघेल के घर पर ईडी की रेड करवाई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्ष को डराने और दबाने के लिए कर रही है। कांग्रेस नेताओं को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है। लेकिन कांग्रेस और उसके कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं। कांग्रेस प्रवक्ता दीपक मंडल ने बताया कि 22 जुलाई को प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर रायगढ़ के कोतरा रोड में आर्थिक नाकेबंदी की जाएगी। पुतला दहन कार्यक्रम में दीपक पाण्डेय, जयंत ठेठवार, महामंत्री शाखा यादव, विकास शर्मा, आशीष शर्मा, अनिल अग्रवाल, राकेश पांडेय, सत्यप्रकाश शर्मा, आशीष जयसवाल, आरिफ हुसैन, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रानी चौहान, मदन महन्त, रामलाल पटेल, यतीश गांधी, नारायण घोरे, पार्षद अक्षय कुलदीप, प्रदीप टोप्पो, राजेश कुछवाह, नरेश जयसवाल, अभिषेक शर्मा, रवि पांडेय, अमृत काट्जू आदि उपस्थित रहे।


