पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एमसीबी जिले के खड़गवां में पंडित धीरेंद्र शास्त्री पर एक बार फिर बयान दिया है। उन्होंने शास्त्री के तरीकों को ‘टोटका’ बताते हुए सवाल उठाया कि यदि पर्ची से इलाज होता है तो अस्पताल क्यों खोला जा रहा है। बघेल ने आरोप लगाया कि धीरेंद्र शास्त्री छत्तीसगढ़ में केवल पैसा लेने आते हैं। उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री और प्रदीप मिश्रा से दान लेना बंद करने की अपील की। बघेल ने कहा- शासकीय पैसे से हो रहा भाजपा प्रचार धीरेंद्र शास्त्री को भाजपा का एजेंट कहने के अपने बयान पर बघेल ने स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने कहा कि शासकीय प्लेन केवल धीरेंद्र शास्त्री को लेने गया था, जिसने एयरपोर्ट पर ईंधन भरा और वापस आ गया। बघेल के अनुसार, यह शासकीय पैसे से भाजपा का प्रचार है, इसलिए उन्होंने शास्त्री को भाजपा एजेंट कहा। पूर्व सीएम बोले- शास्त्री की भागवत कथाओं में कुछ खास नहीं बघेल ने आगे कहा कि धीरेंद्र शास्त्री की भागवत कथाओं में कुछ खास नहीं होता। उन्होंने छत्तीसगढ़ के ब्राह्मण देवताओं का जिक्र किया जो गांव-गांव में भागवत सुनाते हैं और भगवान से जुड़ने तथा ज्ञान की बात करते हैं, जबकि धीरेंद्र शास्त्री केवल टोटका करते हैं। पूर्व सीएम ने प्रदेश सरकार पर साधा निशाना प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि सरकार सभी क्षेत्रों में विफल साबित हो रही है। उन्होंने किसानों की परेशानी, अधिकारी-कर्मचारियों के धरने, धान खरीदी में दिक्कतें, किसानों के रकबे में कमी, युवाओं को रोजगार न मिलना और पूरे प्रदेश में खराब कानून व्यवस्था का उल्लेख किया।


