निवाड़ी जिले के ओरछा में पूर्व सैनिक के सूने घर से चोरों ने न केवल कीमती जेवर और नकदी, बल्कि देश सेवा के गौरव यानी भारतीय सेना के 6 मेडल भी पार कर दिए। यह घटना सोमवार सुबह तब पता चली जब परिवार इंदौर से वापस लौटा। मकान मालिक दीपक शर्मा अपने परिवार के साथ इंदौर गए हुए थे। सोमवार सुबह जब वे ओरछा स्थित अपने घर पहुंचे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। घर के अंदर अलमारी भी टूटी पड़ी थी और सारा सामान अस्त-व्यस्त था। सेना के गौरव ‘मेडल’ ले गए चोर दीपक शर्मा ने बताया कि उनके पिता भारतीय सेना में रह चुके हैं। उनकी वीरता और सेवाओं के लिए मिले 6 सेना मेडल अलमारी में संभाल कर रखे थे, जिन्हें चोर उठा ले गए। इसके अलावा सोने-चांदी के गहने और नकदी पर भी चोरों ने हाथ साफ कर दिया। पुलिस कर रही है जांच घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की। थाना प्रभारी रामबाबू शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। चोरी हुए सामान और गहनों की सही कीमत और मात्रा का आकलन किया जा रहा है ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।


