पृथ्वी को प्रदूषण मुक्त और जल को स्वच्छ रखना हमारी जिम्मेदारी

भास्कर न्यूज | जालंधर स्त्री आर्य समाज मंदिर, मॉडल टाउन में चल रहे दुख निवारक गायत्री यज्ञ का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया। यज्ञ का विधिवत संचालन पंडित सत्य प्रकाश शास्त्री एवं पंडित बुद्धदेव विद्यालंकार द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ किया गया। यज्ञ में मुख्य यजमान के रूप में वीनू शर्मा, रविकांत शर्मा, मालती, राधिका शर्मा, स्वाति सहगल सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे। यज्ञ उपरांत पंडित रमेश आर्य ने अत्यंत प्रेरणादायक ओम महिमा भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर आचार्य वेदपाल ने अपने प्रवचन में पर्यावरण शुद्धि को ही वास्तविक देव-पूजा बताया। उन्होंने कहा कि जल को स्वच्छ रखना और पृथ्वी को प्रदूषण मुक्त रखना हमारी आध्यात्मिक जिम्मेदारी है। पृथ्वी पर हिंसा अथवा रसायनों के दुरुपयोग से उसकी उर्वरा शक्ति नष्ट होती है, जिससे संपूर्ण मानवता संकट में पड़ सकती है। आचार्य वेदपाल ने महर्षि दयानंद सरस्वती जी के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि केवल उस एक अद्वितीय ईश्वर की स्तुति, प्रार्थना और उपासना ही मानव कल्याण का मार्ग प्रशस्त करती है। कार्यक्रम का मंच संचालन रजनी सेठी एवं शशि मेहता ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर कमलेश नागरथ, सुनीता माघो, रेखा अग्रवाल, सुषमा चोपड़ा, ज्योति शर्मा, गुलशन शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *